vGoogle Gemini Spark लॉन्च, अब एआई खुद करेगा आपके डिजिटल काम
फोन लॉक या लैपटॉप बंद होने पर भी बैकग्राउंड में करेगा काम, Google Workspace से होगा कनेक्ट

नई दिल्ली। गूगल ने भारतीय यूजर्स के लिए अपने नए पर्सनल एआई एजेंट Gemini Spark को लॉन्च करने की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार यह एआई एजेंट यूजर्स के डिजिटल कामों को स्वचालित रूप से पूरा करने में सक्षम होगा। खास बात यह है कि यूजर के फोन लॉक होने या लैपटॉप बंद होने के बाद भी यह तय किए गए कार्यों को बैकग्राउंड में पूरा कर सकेगा।
गूगल ने पहली बार Gemini Spark को मई 2026 में आयोजित Google I/O सम्मेलन में पेश किया था। अब भारत में इसके रोलआउट की घोषणा की गई है। यह नया एआई एजेंट Gemini 3.6 Flash मॉडल पर आधारित है और इसे Google Workspace के साथ जोड़ा गया है।
Gemini Spark को Gmail, Google Docs, Google Sheets सहित अन्य टूल्स के साथ इस्तेमाल किया जा सकेगा। यूजर केवल आवश्यक अनुमति देकर इसे सक्रिय कर पाएंगे। इसके बाद यह ईमेल, दस्तावेज और अन्य डिजिटल कार्यों को समझकर दिए गए निर्देशों के अनुसार काम करेगा।
गूगल के मुताबिक यह एआई एजेंट ईमेल का सारांश तैयार करने, मीटिंग नोट्स व्यवस्थित करने, यात्रा की जानकारी जोड़ने और जरूरी सूचनाओं के अलर्ट भेजने जैसे काम कर सकता है। यह उपयोगकर्ता की जरूरतों के अनुसार जानकारी जुटाकर उसे व्यवस्थित रूप में प्रस्तुत करने में भी सक्षम होगा।
हालांकि सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील कार्यों जैसे भुगतान, खरीदारी या ईमेल भेजने से पहले यूजर की अनुमति जरूरी होगी। यूजर यह भी तय कर सकेंगे कि Gemini Spark किन एप्लिकेशन से जुड़ सकता है।
फिलहाल यह सुविधा आने वाले हफ्तों में Google AI Pro और Google AI Ultra सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। गूगल का कहना है कि Gemini Spark एआई तकनीक को एक नए स्तर पर ले जाएगा, जहां एआई केवल जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि यूजर के लिए वास्तविक काम भी करेगा।













