देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

हॉकी टीम की नई जर्सी पर सियासत तेज, प्रियंका गांधी ने सरकार पर साधा निशाना

पूर्व कप्तान ने जताई आपत्ति, हॉकी इंडिया ने बताया नई जर्सी का उद्देश्य

नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम की नई नारंगी (केसरिया) जर्सी को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने जर्सी के रंग में बदलाव को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा, जबकि हॉकी इंडिया ने इसे भारतीय संस्कृति, साहस और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया है।

संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि “चाहे वे यूनिफॉर्म बदलें या शिक्षा नीति के जरिए इतिहास को बदलने की कोशिश करें, देश के युवाओं ने अपनी राय स्पष्ट कर दी है।” उन्होंने यह भी कहा कि भारत की आजादी की लड़ाई अहिंसा, सत्य और भाईचारे के मूल्यों पर आधारित थी और इन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

इस विवाद की शुरुआत भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान विरेन रस्किन्हा की प्रतिक्रिया के बाद हुई। उन्होंने 2026 एफआईएच हॉकी विश्व कप से पहले पुरुष और महिला टीमों के लिए नई नारंगी जर्सी लाने के फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे टीम की वर्षों पुरानी नीली पहचान प्रभावित होती है।

वहीं हॉकी इंडिया ने नई जर्सी का बचाव करते हुए कहा कि केसरिया रंग साहस, त्याग और विजय का प्रतीक है। जर्सी का डिजाइन भारतीय तिरंगे, अशोक चक्र, सुदर्शन चक्र और पारंपरिक मंडला कला से प्रेरित है। संगठन के अनुसार यह डिजाइन “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।

नई जर्सी को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बीच यह मुद्दा खेल और राजनीति दोनों क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Author

Related Articles

Back to top button