देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

FSSAI का बड़ा एक्शन: सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा ‘वंडरलैंड रेजिन्स’ का बैच

कीटनाशकों की अधिक मात्रा मिलने पर कंपनी को उत्पाद वापस मंगाने का आदेश

नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए सन ऑर्गेनिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को अपने उत्पाद ‘वंडरलैंड रेजिन्स’ (किशमिश) के एक बैच को बाजार से तत्काल वापस मंगाने का निर्देश दिया है। जांच में इस बैच के नमूनों में निर्धारित सुरक्षा सीमा से अधिक कीटनाशक अवशेष पाए गए, जिसके बाद इसे मानव उपभोग के लिए असुरक्षित घोषित किया गया।

एफएसएसएआई के अनुसार, उत्तर क्षेत्र कार्यालय के केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा लिए गए नमूनों की जांच गाजियाबाद स्थित राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला और एनआईएफटीईएम-के की रेफरल लैब में कराई गई। दोनों प्रयोगशालाओं ने नमूनों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा खाद्य उत्पाद मानक एवं खाद्य योज्य विनियम, 2011 के अनुरूप नहीं पाया।

इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने कंपनी को पूरे संबंधित बैच को तत्काल बाजार से वापस लेने, खाद्य वापसी प्रक्रिया विनियम, 2017 का पालन करने तथा रिकॉल की प्रगति से संबंधित नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बरामद उत्पादों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को भी कहा गया है।

एफएसएसएआई ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की खाद्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मानकों का उल्लंघन करने वाले उत्पादों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button