TMC में बढ़ी अंदरूनी कलह: बागी गुट ने पार्टी मुख्यालय पर किया कब्जा
बिल्डिंग मालिक से 2027 तक का लीज एग्रीमेंट, संगठनात्मक गतिविधियां यहीं से होंगी संचालित

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर जारी सत्ता संघर्ष अब पार्टी मुख्यालय तक पहुंच गया है। पार्टी के बागी गुट ने कोलकाता के मेट्रोपॉलिटन भवन स्थित प्रदेश कार्यालय पर आधिकारिक कब्जा कर लिया है। इस गुट का नेतृत्व पार्टी से निष्कासित विधायक रितब्रत बनर्जी कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हालिया विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद टीएमसी दो गुटों में बंट गई। एक गुट का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी कर रहे हैं, जबकि दूसरे गुट की कमान रितब्रत बनर्जी के हाथों में है।
पार्टी कार्यालय को लेकर दोनों गुटों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी बीच ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने भवन मालिक के साथ अपना लीज समझौता समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके बाद रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने भवन मालिक के साथ वर्ष 2027 तक का नया लीज एग्रीमेंट कर लिया, जिससे उनके लिए पार्टी कार्यालय से गतिविधियां संचालित करने का रास्ता साफ हो गया।
जानकारी के अनुसार, बागी गुट के विधायक और पदाधिकारी अब इसी कार्यालय से नियमित रूप से संगठनात्मक कार्य करेंगे। इसके लिए रोस्टर प्रणाली लागू की जाएगी, जिसके तहत नेता और विधायक बारी-बारी से कार्यालय का संचालन करेंगे। साथ ही नए गुट की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक भी जल्द बुलाए जाने की तैयारी है।













