बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली के युवा अंजनी कुमार की देशभक्ति को सलाम, 40 किमी नंगे पांव तिरंगा दौड़ लगाकर दी शहीदों को श्रद्धांजलि

6 घंटे से अधिक समय तक लगातार दौड़े, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ प्रयास

सिंगरौली। आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के पावन अवसर पर सिंगरौली के युवा अंजनी कुमार ने देश के वीर जवानों और अमर शहीदों के सम्मान में अनोखी मिसाल पेश की है। उन्होंने राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में बिना रुके लगातार 40.01 किलोमीटर की नंगे पांव तिरंगा दौड़ पूरी कर देशभक्ति और समर्पण का संदेश दिया।

अंजनी कुमार ने यह चुनौतीपूर्ण दौड़ 28 जुलाई 2026 को पूरी की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर सुबह से लगातार दौड़ लगाई। इस दौरान उन्होंने 6 घंटे 11 मिनट में यह दूरी तय की, जबकि पूरी दौड़ का लाइव प्रसारण भी किया गया। यूट्यूब लाइव स्ट्रीमिंग के अनुसार इस ऐतिहासिक प्रयास की कुल अवधि 6 घंटे 37 मिनट रही।

इस अनूठी उपलब्धि को प्रमाणित करने के लिए अंजनी कुमार ने GPS ट्रैकिंग (Strava GPS) सहित डिजिटल साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं। उनके इस साहसिक प्रयास को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए आवेदन भी किया गया है, जिसका एप्लीकेशन आईडी 15218 है।

अंजनी कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों को याद करने का दिन है। उन्होंने बताया कि नंगे पांव तिरंगा दौड़ के माध्यम से उन्होंने सैनिकों और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि आजादी हमें वीर जवानों के त्याग और बलिदान से मिली है। उनका यह छोटा सा प्रयास देश के प्रति सम्मान और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश है।

सिंगरौली निवासी अंजनी कुमार के इस साहसिक और प्रेरणादायक कार्य की क्षेत्र में सराहना हो रही है। उनकी यह तिरंगा दौड़ युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और देशभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही है।

Author

Related Articles

Back to top button