इकरारनामा के बाद भी जमीन बेचने की आशंका, कलेक्टर से विक्रय पर रोक लगाने की मांग

सिंगरौली। ग्राम अमलोरी बस्ती वार्ड क्रमांक-45 निवासी प्रह्लाद प्रसाद शाह ने कलेक्टर सिंगरौली को आवेदन देकर ग्राम परसोना स्थित आराजी क्रमांक-241 की भूमि को अन्य व्यक्ति के नाम विक्रय किए जाने पर रोक लगाने की मांग की है।
आवेदन में प्रह्लाद प्रसाद शाह ने बताया कि उक्त भूमि के स्वामी बृजबिहारी प्रजापति के साथ 27 नवंबर 2025 को भूमि विक्रय संबंधी इकरारनामा किया गया था। इसके तहत भूमि का सौदा करीब 13 लाख रुपये में तय हुआ था, जिसमें से 2 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में विभिन्न माध्यमों से विक्रेता को दिए जा चुके हैं। शेष राशि रजिस्ट्री के समय भुगतान करने की सहमति बनी थी।
आवेदक का आरोप है कि इकरारनामा होने और अग्रिम राशि प्राप्त करने के बावजूद विक्रेता द्वारा लालचवश उक्त भूमि को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का प्रयास किया जा रहा है। इससे उनके अधिकार प्रभावित होने और भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है।
प्रह्लाद प्रसाद शाह ने कलेक्टर से मांग की है कि आराजी क्रमांक-241 की भूमि के विक्रय एवं पंजीयन पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पर उन्हें पूरा विश्वास है और उम्मीद है कि उनके आवेदन पर शीघ्र न्यायोचित निर्णय लिया जाएगा।













