बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गुरु पूर्णिमा पर एनसीएल ने किया इन-हाउस फैकल्टी का सम्मान

प्रशिक्षण से मिली सफलता, 138 अभ्यर्थियों का हुआ अधिकारी संवर्ग में चयन

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इन-हाउस फैकल्टी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उन आंतरिक संकाय सदस्यों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने गैर-अधिकारी से अधिकारी संवर्ग में चयन के लिए आयोजित परीक्षा की तैयारी में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।

एनसीएल मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सम्मानित फैकल्टी सदस्यों को बधाई देते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता और उत्कृष्ट चयन परिणामों की सराहना की।
एनसीएल द्वारा सीईटीआई सिंगरौली में तीन बैचों में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुभवी इन-हाउस फैकल्टी ने प्रतिभागियों को परीक्षा की तैयारी कराई। इस प्रशिक्षण का परिणाम रहा कि कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों से चयनित 568 अभ्यर्थियों में एनसीएल के 138 अभ्यर्थी सफल हुए, जो सभी कंपनियों में सर्वाधिक 24.30 प्रतिशत चयन दर है।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (एचआरडी) राजन मेक, महाप्रबंधक (आईई) मनोज कुमार सिंह सहित एनसीएल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि एनसीएल की प्रशिक्षण व्यवस्था और इन-हाउस फैकल्टी के समर्पण का परिणाम है।

Author

Related Articles

Back to top button