बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान: सिंगरौली पुलिस ने निकाली मैराथन, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा ने खुद दौड़कर बढ़ाया युवाओं का उत्साह

"दौड़ेंगे स्वस्थ जीवन की ओर, रहेंगे नशे से दूर" के संदेश के साथ पुलिस ने किया जनजागरूकता का प्रयास

सिंगरौली। नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने गुरुवार को “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया। करीब 3 किलोमीटर लंबी मैराथन पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रारंभ होकर राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम तक आयोजित की गई।


पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज़ के.एम. के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर थाना प्रभारी नवानगर निरीक्षक श्री राकेश साहू ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।

इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। दौड़ प्रारंभ होने से पहले उन्होंने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई।
मैराथन की खास बात यह रही कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ पूरे मार्ग में दौड़े। उनके इस उत्साहवर्धन से पुलिस बल और युवाओं में खासा जोश देखने को मिला। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने “नशे से दूरी है जरूरी”, “स्वस्थ युवा–सशक्त भारत” और “Say No to Drugs” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर उप निरीक्षक पवन सिंह, शिवम सिंह, विनय प्रकाश शुक्ला, रुपा अग्निहोत्रि, सूबेदार आशिष तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, महिला पुलिस बल एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सिंगरौली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि स्वयं नशे से दूर रहें और परिवार एवं समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें। पुलिस ने कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त सिंगरौली के निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है।

Author

Related Articles

Back to top button