चंबा में दर्दनाक बस हादसा, खाई में गिरने से 7 यात्रियों की मौत

चंबा (हिमाचल प्रदेश)। जिले के तीसा-बैरागढ़ सड़क मार्ग पर शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देवीकोठी के समीप चालुज मोड़ पर हुआ, जहां बैरागढ़ से चंबा जा रही निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी।
जानकारी के अनुसार बस सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करने के बाद चालक ने चालुज मोड़ के पास वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस खाई में लुढ़कते हुए नीचे जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान के दौरान तीन शवों को बाहर निकाला गया, जबकि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण अंदर फंसे लोगों को निकालने में काफी परेशानी हुई। बाद में जेसीबी की मदद से चार अन्य शवों को बाहर निकाला गया।
हादसे में घायल 11 यात्रियों को उपचार के लिए तीसा अस्पताल भेजा गया, जहां से 6 घायलों को गंभीर स्थिति में चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने हादसे में 7 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन द्वारा मृतकों और घायलों की सूची भी जारी की जा रही है।













