देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पीओके में प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई को लेकर यूएन चिंतित

पाकिस्तान को दी नसीहत- शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का सम्मान करें, जवाबदेही तय करें

 

न्यूयॉर्क/इस्लामाबाद। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित कार्रवाई को लेकर संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने चिंता जताई है। यूएन ने पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि वह नागरिकों के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करे और किसी भी नुकसान के लिए जिम्मेदारी तय करे।

यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के डिप्टी प्रवक्ता फरहान हक ने कहा कि सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अनुमति दें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने के कारण नुकसान पहुंचा है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने भी पीओके में बढ़ते तनाव और प्रदर्शनकारियों की मौतों पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पाकिस्तान द्वारा जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) पर लगाए गए प्रतिबंध और नेताओं की गिरफ्तारी की जांच की मांग की है।

यूएन के अनुसार आगामी विधानसभा चुनावों से पहले जून से जारी तनाव में कई प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई है। संगठन ने सभी पक्षों से संयम बरतने और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए समावेशी राजनीतिक संवाद शुरू करने की अपील की है।

संयुक्त राष्ट्र ने सार्वजनिक सभाओं, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और इंटरनेट सेवाओं पर लगी पाबंदियों को लेकर भी चिंता जताई है। वहीं पाकिस्तान सरकार ने प्रदर्शनकारियों की मौतों से जुड़े यूएन के आंकड़ों को अतिशयोक्तिपूर्ण बताते हुए खारिज किया है।

Author

Related Articles

Back to top button