मौसम बना अमरनाथ यात्रा में बाधा
भारी बारिश और भूस्खलन के अलर्ट के बाद जम्मू से नया जत्था रोका गया

श्रीनगर। खराब मौसम और सुरक्षा कारणों को देखते हुए शनिवार को जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से अमरनाथ गुफा के लिए रवाना होने वाले नए श्रद्धालु जत्थे को रोक दिया गया। प्रशासन ने भारी बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका के चलते यह निर्णय लिया है।
मौसम विभाग ने 11 अगस्त तक जम्मू क्षेत्र के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ की संभावना भी जताई गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया।
अधिकारियों के अनुसार हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति और मौसम की समीक्षा के बाद ही श्रद्धालुओं की आवाजाही दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा। हालांकि शनिवार सुबह जम्मू में बारिश के बावजूद हाईवे पर यातायात सामान्य रहा।
गौरतलब है कि 3 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा में अब तक 4.75 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा का समापन 28 अगस्त को होना है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति और मार्ग की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।













