मायावती की युवाओं को नसीहत, राजनीतिक दलों का मोहरा न बनें

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने छात्र-युवा आंदोलनों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष पर निशाना साधते हुए युवाओं से अपने मुद्दों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवा राजनीतिक दलों के कथित स्वार्थ और षड्यंत्र से दूर रहें तथा अपनी समस्याओं की लड़ाई खुद लड़ें।
मायावती ने कहा कि आज युवा पढ़ाई, बेरोजगारी, सरकारी भर्ती, पेपर लीक और भविष्य को लेकर चिंतित हैं। राजनीतिक दलों को इन समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि युवाओं के आंदोलनों का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए करना चाहिए।
उन्होंने दिल्ली और रांची में चल रहे छात्र आंदोलनों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सत्ता और विपक्ष दोनों अपने राजनीतिक हित साधने में लगे हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे किसी भी दल के हाथों का मोहरा बने बिना अपनी मांगों को मजबूती से उठाएं।
मायावती ने सरकारी नौकरियों में आरक्षण को कमजोर किए जाने का आरोप लगाते हुए निजी क्षेत्र में भी आरक्षण लागू करने की मांग की। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए विभिन्न वर्गों से बसपा को मजबूत करने की अपील भी की।













