हिमाचल के सिरमौर में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी बोलेरो, 4 की मौत, 5 गंभीर घायल

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के संगड़ाह उपमंडल अंतर्गत गतलोग क्षेत्र में सवारियों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हादसा रात के समय हुआ, जब बोलेरो वाहन पहाड़ी मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क से नीचे लुढ़कते हुए गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने अंधेरे और दुर्गम रास्ते के बावजूद खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद पांच घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में वाहन अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सड़क की स्थिति, वाहन की तकनीकी जांच और चालक की भूमिका सहित सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।












