ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 14 अगस्त को अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में जनसंवाद शिविर

सिंगरौली, / मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत जिले में आमजन से सीधे संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की समीक्षा के उद्देश्य से 14 अगस्त को अटल सामुदायिक भवन, बिलौजी में द्वितीय जनसंवाद शिविर आयोजित किया जाएगा।जन-विश्वास अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा शासन और आमजन के बीच संवाद को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, शिकायतें एवं मांगों को सुनेंगे। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही करते हुए यथासंभव त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव नहीं होगा, उनमें संबंधित अधिकारियों द्वारा समय-सीमा निर्धारित कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

शिविर के दौरान अधिकारियों द्वारा बैढ़न एवं नवजीवन विहार जोन के हितग्राहियों संवाद कर शासन द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भी समीक्षा की जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है अथवा नहीं, योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कठिनाई तो नहीं है तथा विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों की स्थिति क्या है, इसकी जानकारी आमजन से सीधे प्राप्त की जाएगी। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली स्थानीय स्तर की समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जा सकेगी।

 

कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा आमजन द्वारा प्रस्तुत समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविर को केवल शिकायतों के निराकरण तक सीमित न रखते हुए शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति की समीक्षा भी करें। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा है कि जनसंवाद के दौरान प्राप्त प्रकरणों पर संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही की जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समाधान, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और शासन की सेवाओं को नागरिकों तक सहज एवं सुगम रूप से पहुंचाना है।

Author

Related Articles

Back to top button