कलेक्टर ने जिलेवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ

सिंगरौली, 14 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए सभी से राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह, उमंग और गरिमा के साथ मनाने की अपील की है। कलेक्टर श्री बैनल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए गौरव और आत्मचिंतन का अवसर है। अनगिनत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष तथा वीर शहीदों के अमर बलिदान के फलस्वरूप देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई है। हम सभी को स्वतंत्रता के मूल्य को समझते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत अपने-अपने घरों पर तिरंगा ध्वज फहराकर राष्ट्रीय गौरव में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक जिले और देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए तथा विकास, प्रगति और जनकल्याण के लिए मिल-जुलकर कार्य करे।कलेक्टर ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने का आह्वान किया।











