प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण
व्यवस्थाओं में सुधार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के दिए निर्देश

सिंगरौली,/ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज का औचक निरीक्षण कर महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर, जूलॉजी लैब, बॉटनी लैब सहित विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया। कालेज परिसर में अव्यवस्था पाये जाने उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए महाविद्यालय प्रबंधन को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि महाविद्यालय की बुनियादी सुविधाओं को व्यवस्थित एवं बेहतर बनाया जाए। उन्होंने कॉलेज परिसर से जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए अंडरग्राउंड पाइपलाइन का निर्माण कराने तथा परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रबंधन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी तक सुगम आवागमन हेतु उचित मार्ग का निर्माण कराने तथा लाइब्रेरी का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ई-बुक्स एवं डिजिटल अध्ययन सामग्री के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे उन्हें पठन-पाठन के लिए आधुनिक संसाधनों का लाभ मिल सके। महाविद्यालय में संचालित विभिन्न प्रयोगशालाओं का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने लैब को सुव्यवस्थित कर नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आवश्यक प्रायोगिक गतिविधियों से नियमित रूप से रूबरू कराया जाए, ताकि उन्हें विषयों का व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त हो सके। उन्होंने प्रयोगशालाओं में उपलब्ध संसाधनों का विद्यार्थियों के हित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर ने महाविद्यालय के प्राचार्य एवं फैकल्टी सदस्यों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनभागीदारी समिति के सदस्यों के माध्यम से महाविद्यालय के संचालन, व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों के लिए एजेंडा निर्धारित कर अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि कॉलेज को सुव्यवस्थित बनाने एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी सामूहिक रूप से योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम. ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी जाए। पुलिस द्वारा समय-समय पर कॉलेज परिसर में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी भी की जाएगी। कलेक्टर ने महाविद्यालय प्रबंधन को दिए गए निर्देशों का प्रभावी रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।











