देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

ऑर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी बेकाबू बस, पांच की मौत; पांच घायल

बेतिया-लौरिया मार्ग पर देर रात हादसा, छठिहार समारोह में मची अफरातफरी

बेतिया। बिहार के बेतिया में एनएच-727 के बेतिया-लौरिया मार्ग पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बसवरिया और पराउटोला के बीच तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। मृतकों में दो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई।

जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र दुबे के घर छठिहार समारोह का आयोजन किया गया था। घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था, जिसे देखने के लिए आसपास के लोग सड़क किनारे जमा थे। इसी दौरान गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही बस तेज रफ्तार में आई और चालक का नियंत्रण खोने के बाद भीड़ को रौंदते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा ट्रक भी आ रहा था। वहीं लौरिया की तरफ से बस बेतिया की ओर जा रही थी। प्रारंभिक तौर पर बस की तेज रफ्तार और चालक के नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

हादसे में संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम की मौत हुई है। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मौत की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

Author

Related Articles

Back to top button