जामघाट पर ब्रेक फेल होते ही खाई की ओर लुढ़की बस, 51 छात्रों की सांसें अटकीं
ड्राइवर की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, सभी छात्र सुरक्षित

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में महेश्वर के पास खतरनाक जामघाट पर शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर स्थित कोपरगांव विश्वविद्यालय के 51 छात्र-छात्राओं और एक शिक्षिका को लेकर जा रही बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई की ओर बढ़ गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ से बस पत्थरों के टीले से अटककर रुक गई और सभी यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार विद्यार्थी ओंकारेश्वर और आईआईटी इंदौर के शैक्षणिक भ्रमण के बाद महेश्वर जा रहे थे। जामघाट के ढलान और खतरनाक मोड़ पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। बस के खाई की तरफ बढ़ते ही छात्रों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने तत्काल नियंत्रण पाने का प्रयास किया और बस को सड़क किनारे मौजूद पत्थरों के टीले से रोकने में सफल रहा।
बस का अगला हिस्सा खाई की ओर झुक जाने के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बस का इमरजेंसी गेट खोलकर एक-एक कर सभी 51 छात्रों और शिक्षिका को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी पुलिस बल और डायल-112 टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मंडलेश्वर व्यापारी संघ के अध्यक्ष भरत राठौड़ ने भी वाहन घटनास्थल भेजे। सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित मंडलेश्वर माधव आश्रम गोशाला पहुंचाया गया।
शिक्षिका सीमा के मुताबिक ब्रेक फेल होते ही सभी की सांसें थम गई थीं, लेकिन चालक की तत्परता और ग्रामीणों की मदद से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस के अनुसार सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।









