बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, तीन की मौत; आठ गंभीर घायल

नागपुर से कुबेरेश्वर धाम जा रहे थे श्रद्धालु, बैतूल के मुलताई में तड़के हुआ हादसा

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मुलताई फोरलेन पर जीतू ढाबे के पास करीब सुबह 3:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के नागपुर के पास बुट्टी बोरी कोल माइंस क्षेत्र के रहने वाले थे। वे सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसमें जा घुसी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

दुर्घटना में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 42 वर्षीय दीपक और उनकी पत्नी 40 वर्षीय छाया की पहचान हुई है। तीसरी मृतक महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे में चालक समेत आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया।

घायलों में 10 वर्षीय नैतिक, 45 वर्षीय उज्ज्वला, 25 वर्षीय नीता, 18 वर्षीय अनुष्का, संगीता, शंभु, प्रज्वल और 30 वर्षीय सौरभ शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button