गड़हरा विद्यालय के आईटी ट्रेड छात्रों ने किया अडानी पावर प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण
प्रोजेक्ट उड़ान के तहत छात्रों ने सीखी तकनीकी कार्यप्रणाली, रोजगार के अवसरों को समझा

सिंगरौली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गड़हरा के व्यावसायिक शिक्षा अंतर्गत आईटी ट्रेड के छात्र-छात्राओं ने प्रोजेक्ट उड़ान के तहत अडानी पावर प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्लांट में संचालित विभिन्न गतिविधियों और आईटी से जुड़ी तकनीकी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय के प्राचार्यअरुण दुबे एवं वरिष्ठ शिक्षक सुबह लाल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण में व्यावसायिक ट्रेड आईटी के ट्रेनर सीतेश दुबे ने छात्रों को प्लांट का भ्रमण कराया। विद्यार्थियों ने कंट्रोल रूम, तकनीकी प्रक्रियाओं और उद्योगों में आईटी कौशल के उपयोग को करीब से समझा।
अडानी पावर प्लांट के इंजीनियर सौरव गौतम ने छात्रों को सुरक्षा मानकों का पालन कराते हुए पूरे प्लांट की कार्यप्रणाली, विद्युत उत्पादन प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योगों में तकनीकी ज्ञान और कौशल के महत्व से अवगत कराया।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने आधुनिक तकनीक के प्रयोग को देखा और जाना कि व्यावसायिक शिक्षा किस प्रकार रोजगार के अवसरों से जुड़ सकती है। शिक्षकों ने बताया कि इस तरह के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य के करियर विकल्पों के प्रति प्रेरित करते हैं।कार्यक्रम के अंत में अडानी पावर प्लांट की ओर से छात्रों को लंच पैकेट प्रदान किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।भ्रमण को सफल बनाने में विद्यालय के व्यावसायिक शिक्षक नितिन, शिक्षिका रजनी कुशवाहा एवं निमिषा परमार का विशेष सहयोग रहा।













