सासन ऐश डैम में फिर लीकेज, आठ दिन बाद दोबारा क्षतिग्रस्त हुआ हिस्सा

सिंगरौली। जिले के सासन पावर लिमिटेड के ऐश डैम की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सिद्धिखुर्द गांव में शनिवार दोपहर ऐश डैम का क्षतिग्रस्त हिस्सा दोबारा लीकेज होने लगा। खास बात यह है कि इसी हिस्से में 14 अगस्त को भी नुकसान हुआ था। कंपनी द्वारा मरम्मत कराए जाने के महज आठ दिन बाद फिर क्षति सामने आने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
14 अगस्त को 5760 टन फ्लाई ऐश निकली थी
बताया जा रहा है कि 14 अगस्त को ऐश डैम के क्षतिग्रस्त हिस्से से करीब 5760 टन फ्लाई ऐश बाहर निकलकर आसपास के खेतों और आवासीय क्षेत्र तक पहुंच गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। मामले में जिला प्रशासन की ओर से कंपनी को नोटिस भी जारी किया गया था। अब उसी हिस्से में दोबारा लीकेज होने से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और डैम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों को आशंका है कि यदि डैम से बड़े पैमाने पर फ्लाई ऐश बाहर निकलती है तो आसपास के खेतों, घरों और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
प्रशासन ने कुछ परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश पर तहसीलदार सहित प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने स्थिति का जायजा लिया। संभावित खतरे को देखते हुए कुछ परिवारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया है। प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर अन्य परिवारों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की बात कही है।
तत्काल मरम्मत के निर्देश, जांच के बाद साफ होगी स्थिति
कलेक्टर के मुताबिक पिछली घटना को लेकर सासन पावर लिमिटेड को नोटिस जारी किया जा चुका है। वहीं पर्यावरण विभाग भोपाल की ओर से भी कंपनी को नोटिस दिए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने कंपनी को ऐश डैम की मरम्मत का काम तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल प्रशासनिक टीम मौके पर स्थिति का आकलन कर रही है। ऐश डैम की सुरक्षा में मानकों की अनदेखी हुई या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।









