शक्तिनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के कंडक्टर वायर के साथ आरोपी गिरफ्तार
NCL से चोरी किए गए 9 बंडल वायर बरामद, मुकदमे में बढ़ाई गई धाराएं

सोनभद्र। शक्तिनगर पुलिस ने चोरी के मामले का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए 9 बंडल कंडक्टर वायर बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटना का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अनिल कुमार के मार्गदर्शन में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
थाना शक्तिनगर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 155/2026 धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित चोरी की घटना की जांच उपनिरीक्षक रंजीत कुमार द्वारा की जा रही थी। पुलिस टीम लगातार सुरागरसी और पतारसी कर आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में 22 जून 2026 को शक्तिनगर पुलिस टीम ने NCL के सुरक्षा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से कार्रवाई करते हुए चोरी के 9 बंडल कंडक्टर वायर के साथ आरोपी मंगल पुत्र सोहन निवासी कनुहड़, थाना मोरवा, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रंजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार भारती और कांस्टेबल शैलेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।













