बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मासूम बच्ची को टक्कर मारकर फरार चालक तक पहुंची सिंगरौली पुलिस

250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, छह दिन की जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार; कार जब्त

सिंगरौली। विंध्यनगर थाना क्षेत्र में सड़क पार कर रही मासूम बच्ची को कार से टक्कर मारकर फरार हुए चालक को पुलिस ने छह दिन की लगातार जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 66 ZH 5944 भी जब्त की है। बच्ची की उपचार के दौरान मौत होने के बाद मामले में धारा 105 बीएनएस का इजाफा किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

घटना 6 सितंबर की सुबह करीब 5:45 से 5:50 बजे के बीच बघेल पेट्रोल पंप के सामने हुई थी। तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रही बच्ची को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने स्वयं जांच की लगातार मॉनिटरिंग की और कई पुलिस टीमों को आरोपी वाहन की तलाश में लगाया। घटनास्थल से वाहन का नंबर स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस ने संभावित मार्गों, चौराहों और प्रतिष्ठानों पर लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

कैमरों में वाहन की आवाजाही को क्रमवार जोड़ने के बाद पुलिस को कार का नंबर मिला। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नकुल कुमार बियार, निवासी बीजपुर, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत तथा थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी के निर्देशन में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद भागने के बजाय घायल को तत्काल चिकित्सा सहायता दिलाना और पुलिस को सूचना देना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है।

Author

Related Articles

Back to top button