तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलटी, चालक गंभीर रूप से घायल
गाय से टक्कर के बाद डिवाइडर से भिड़ा वाहन, कई बार पलटने के बाद रुका

सिंगरौली। कोतवाली थाना क्षेत्र के तेलाई मोड़ पर देर रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार चदावल निवासी युवक नई बोलेरो से तेज गति में जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर अचानक आई गाय से वाहन की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो हवा में उछलकर डिवाइडर से जा टकराई और सड़क पर करीब पांच बार पलटते हुए घूम गई। इसके बाद वाहन खुद-ब-खुद सीधा होकर खड़ा हो गया।

हादसे के बाद चालक कुछ देर तक बोलेरो के अंदर फंसा रहा। बताया गया कि वाहन का ऑटोमेटिक गेट खुलने के बाद वह बाहर गिर गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना को लेकर यह भी जानकारी सामने आई है कि हादसे के समय चालक के शराब के नशे में होने की आशंका है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल चालक की वर्तमान स्थिति को लेकर चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।











