जियावन छात्रावास के औचक निरीक्षण में खुली बदहाली की पोल, कमिश्नर ने दिए जांच के आदेश
नाश्ता और मीनू के अनुसार भोजन नहीं मिलने की शिकायत, छात्राओं से थाली धुलाने और धमकाने के आरोप

सिंगरौली। एकदिवसीय सिंगरौली दौरे पर पहुंचे संभागीय कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह ने कलेक्टर गौरव बैनल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय के साथ अनुसूचित जाति सीनियर बालिका जियावन छात्रावास क्रमांक-2 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर कई गंभीर शिकायतें सामने आईं, जिस पर कमिश्नर ने संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई और जांच के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने छात्राओं से वन-टू-वन चर्चा कर छात्रावास में भोजन, नाश्ता, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। छात्राओं ने कथित रूप से शिकायत की कि उन्हें निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जाता तथा नाश्ता भी नियमित रूप से नहीं दिया जाता। छात्राओं से थाली धुलवाए जाने की बात भी सामने आई।
छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत करने पर वार्डन द्वारा उन्हें धमकाया जाता है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
औचक निरीक्षण में सामने आई शिकायतों के बाद संबंधित विभाग में हड़कंप की स्थिति है। कमिश्नर ने छात्रावास में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा छात्राओं को निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











