निर्माणाधीन सिविल अस्पताल बरगवां का कमिश्नर रीवा एवं कलेक्टर ने किया संयुक्त निरीक्षण
निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराने के दिए निर्देश

सिंगरौली, 11 सितम्बर 2026/ सिंगरौली प्रवास पर आए रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह एवं कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने बरगवां में निर्माणाधीन सिविल अस्पताल का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल भवन के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए विभिन्न निर्माणाधीन हिस्सों का अवलोकन किया तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्य की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यपालन यंत्री को निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक चरण के कार्य को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण जनहित के निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने भी निर्माण एजेंसी को कार्य में गति लाने तथा श्रमिकों एवं आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा यदि कार्य में किसी प्रकार की बाधा आ रही है तो उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, भवन की संरचनात्मक मजबूती एवं शासन द्वारा निर्धारित तकनीकी मापदंडों का विशेष रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल में प्रस्तावित सुविधाओं, भवन के विभिन्न कक्षों, आवश्यक आधारभूत संरचनाओं तथा आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में भी जानकारी ली। अधिकारियों ने कहा कि सिविल अस्पताल के निर्माण से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। इसलिए निर्माण कार्य को पूरी गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जाए।













