देवसर के गजरहिया में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का जिलास्तरीय शिविर आयोजित
कमिश्नर एवं कलेक्टर ने उद्यमियों, यशस्वी हितग्राहियों एवं इंफ्लुएंसर्स से किया संवाद

सिंगरौली, 11 सितम्बर 2026/ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत देवसर की ग्राम पंचायत गन्नई के गजरहिया में जिलास्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक देवसर श्री राजेन्द्र मेश्राम, रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह एवं कलेक्टर श्री गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम, वन मण्डल अधिकारी अखिल बंसल, ने आमजन से सीधे संवाद करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, नागरिक सेवाओं तथा शिकायतों के निराकरण की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ मिलने, सेवाओं की उपलब्धता तथा स्थानीय स्तर पर आ रही समस्याओं के संबंध में भी चर्चा की।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणो को संबोधित करते हुयें विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम ने कि कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के विकास के साथ-साथ देवसर विधानसभा क्षेत्र का भी चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देवसर विधानसभा क्षेत्र में 6 महाविद्यालयों के साथ-साथ संदीपनी विद्यालय का भी संचालन किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि देवसर विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा जन-विश्वास शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि एक ही छत के नीचे आमजन को शासकीय योजनाओं की जानकारी, योजनाओं का लाभ तथा उनकी शिकायतों के निराकरण की सुविधा उपलब्ध हो सके।

कमिश्नर एवं कलेक्टर ने क्षेत्र के उद्यमियों, यशस्वी हितग्राहियों एवं इंफ्लुएंसर्स से संवाद किया। उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों से प्राप्त लाभ, स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों तथा योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अन्य लोगों को भी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह ने शिविर में उपस्थित शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि संबंधित कार्यवाही से शिकायतकर्ता को वास्तविक रूप से राहत मिली है अथवा नहीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक शिकायत का संतोषजनक एवं वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। इसके लिए अधिकारी-कर्मचारी ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ-साथ योजनाओं की जानकारी भी व्यापक रूप से लोगों तक पहुंचाई जाए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा प्राप्त समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल एवं कैंप लगाकर पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें योजनाओं के लाभ से लाभान्वित किया गया। शिविर में हितग्राहियों के आधार कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। वहीं, स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघप्रिय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा, सहायक कलेक्टर सुश्री सौम्या मिश्रा, एसडीएम श्री शिशिर श्रीकृष्ण श्रीराम सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।













