बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कमिश्नर रीवा एवं कलेक्टर ने किया आंगनवाड़ी केन्द्र पेडरा का निरीक्षण

बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

सिंगरौली, 11 सितम्बर 2026/ देवसर में आयोजित जन विश्वास अभियान के तहत रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह एवं कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने ग्राम पेडरा स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं, बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।कमिश्नर एवं कलेक्टर ने अपनी उपस्थिति में आंगनवाड़ी केन्द्र में उपस्थित नौनिहालों का वजन कराया तथा उनकी ऊंचाई एवं वजन के अनुरूप पोषण स्तर की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे नाश्ते एवं भोजन की गुणवत्ता का भी परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केन्द्र में आने वाले सभी बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराई जाए।

 

यदि जांच के दौरान कोई बच्चा बीमार पाया जाता है, तो संबंधित ग्राम में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर ग्रामीणों का भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, ताकि बीमारी की समय पर पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके और बीमारियों के प्रसार की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित हो।
आंगनवाड़ी केन्द्र में दर्ज बच्चों तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की पंजी का अवलोकन करते हुए कमिश्नर एवं कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बच्चों को खेल-खेल में अक्षर ज्ञान एवं प्रारंभिक शिक्षा प्रदान की जाए। केन्द्र में उपलब्ध खिलौनों एवं शिक्षण सामग्री का बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केन्द्र में दर्ज गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को निर्धारित समयानुसार पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए। शत-प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का समय पर एएनसी पंजीयन कराते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्र में दर्ज बच्चों का निर्धारित अंतराल पर नियमित वजन कराया जाए। यदि किसी बच्चे का वजन उसकी आयु एवं ऊंचाई के अनुपात में कम पाया जाता है, तो उसे आवश्यक पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ ही आवश्यकता अनुसार एनआरसी में भर्ती कराकर उपचार एवं पोषण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केन्द्र में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था के साथ विद्युत व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता वाले केन्द्रों में सोलर लाइट की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी आंगनवाड़ी केन्द्र निर्धारित समय पर खुलें तथा बच्चों एवं हितग्राहियों को शासन द्वारा निर्धारित सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध हों। उन्होंने सुपरवाइजरों के माध्यम से आंगनवाड़ी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सुपरवाइजर आंगनवाड़ी केन्द्र में दर्ज गर्भवती महिलाओं से गृह भेंट कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी भी प्राप्त करें तथा आवश्यकतानुसार उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाए। कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केन्द्रों के संचालन, बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री संघप्रिय, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा,उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button