बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जन विश्वास अभियान के तहत कमिश्नर रीवा एवं कलेक्टर ने किया उचित मूल्य दुकान पेडरा का निरीक्षण

ग्रामीणों से संवाद कर राशन वितरण एवं व्यवस्थाओं की ली जानकारी

सिंगरौली, / देवसर में आयोजित जन विश्वास अभियान के तहत रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह एवं कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने ग्राम पेडरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उचित मूल्य दुकान की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए राशन वितरण की स्थिति की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।निरीक्षण के दौरान कमिश्नर एवं कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया तथा राशन की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने दुकान विक्रेता को निर्देशित किया कि दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न के अनुसार स्टॉक पंजी का नियमित एवं सही तरीके से संधारण सुनिश्चित करें। साथ ही राशन की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसके लिए खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण एवं नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

कमिश्नर एवं कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर राशन वितरण के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें निर्धारित समय पर पात्रता के अनुसार राशन प्राप्त हो रहा है तथा राशन वितरण में किसी प्रकार की समस्या नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि उनके बच्चे एक वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, लेकिन अभी तक उनके नाम राशन कार्ड में नहीं जुड़ पाए हैं। इस पर कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर आयोजित कर ऐसे नौनिहालों के आधार कार्ड बनवाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें समग्र परिवार आईडी में शामिल कराया जाए, ताकि पात्र परिवारों को बच्चों की पात्रता के अनुसार राशन का लाभ प्राप्त हो सके। कमिश्नर श्री सिंह ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले की उचित मूल्य दुकानों का लगातार औचक निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता, स्टॉक का संधारण, पात्र परिवारों को निर्धारित मात्रा में राशन का वितरण तथा खाद्यान्न की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राशन वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री संघप्रिय, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button