भगवती मानव कल्याण संगठन ने एक दिन में सरई व लंघाडोल थाना अंतर्गत तीन अलग-अलग जगहों पर पकड़ी अवैध शराब, कराई कार्रवाई

सरई । सिंगरौली जिले के अंतर्गत भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय पुलिस की संयुक्त सक्रियता से अवैध नशे के कारोबार पर एक ही दिन में बड़ा प्रहार किया गया है। दिनांक 10 सितंबर 2026 को थाना सरई और थाना लंघाडोल क्षेत्र के अंतर्गत तीन अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई और कुल तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए गए। इस संयुक्त और सफल अभियान के तहत कुल तीनों मामलों को मिलाकर ₹39,186 मूल्य की कुल 74.46 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसका पूरा विवरण इस प्रकार है पहली जगह (ग्राम पोड़ीपाठ, थाना लंघाडोल): भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं, स्थानीय महिलाओं एवं पुरुषों की मौजूदगी में आरोपी अरविंद शाह की दुकान की तलाशी ली गई, जहां से 03 नग बोल्ट बियर (कुल मात्रा 1.950 लीटर) जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत ₹540 है।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया दूसरी जगह (ग्राम पोड़ीपाठ, थाना लंघाडोल): इसी गांव में संगठन के कार्यकर्ताओं के सहयोग से दूसरे आरोपी राजेश शाह की दुकान की तलाशी ली गई, जहां से विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी और देशी मदिरा (जैसे- बोल्ट बियर, माउन्ट 6000, किंगफिशर, रायल स्टेज, वैगपाइपर, मैकाडवल, टेन हाईपावर, वोदका, आफिसर च्वाईस, लन्दन प्राइड एवं देशी मसाला व प्लेन मदिरा) बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 16.650 लीटर और कुल कीमत ₹12,241 पाई गई। पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत मामला दर्ज किया। तीसरी जगह (ग्राम धिरौली, थाना सरई): थाना सरई अंतर्गत मुखबिर की सूचना पर भगवती मानव कल्याण संगठन और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से आरोपी बृजेंद्र जायसवाल की किराना दुकान पर छापा मारा।

दुकान के अंदर से भारी मात्रा में लाल देशी मसाला मदिरा, सफेद प्लेन देशी मदिरा, किंगफिशर, माउन्ट, बोल्ट बियर और विभिन्न ब्रांडों की व्हिस्की (मैकडावल, लडन प्राइड, आइकॉनिक, ब्लेंडर प्राइड आदि) बरामद की गई। कुल 55 लीटर 860 एमएल मात्रा वाली इस अवैध शराब की कुल कीमत ₹26,405 आंकी गई। इस गंभीर मामले में पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। भगवती मानव कल्याण संगठन के इन प्रयासों से क्षेत्र में अवैध शराब बेचने वालों में भारी हड़कंप मच गया है, और पुलिस द्वारा इस पूरे प्रकरण की आगे की विवेचना की जा रही है।













