50 बच्चों से भरी स्कूल बस पर चार राउंड फायरिंग, चालक घायल; बाल-बाल बचे मासूम

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 50 स्कूली बच्चों को लेकर जा रही बस पर कार सवार दो बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी में बस चालक घायल हो गया, जबकि बस में बैठे बच्चे दहशत में आ गए। गनीमत रही कि गोलियां किसी बच्चे को नहीं लगीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना पिछोर थाना क्षेत्र के बड़ी अकबई गांव के पास की बताई जा रही है। ग्लोरीयस कॉन्वेंट स्कूल की बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक स्विफ्ट कार सड़क के बीच खड़ी दिखाई दी। कार पर ‘गुर्जर’ लिखा था और उसके शीशे काले थे।
रास्ता मांगने पर शुरू हुआ विवाद
बताया गया कि बस चालक खेम सिंह ने सड़क पर खड़ी कार को हटाने के लिए हॉर्न बजाया। काफी देर तक रास्ता नहीं मिलने पर उसने कार सवार युवकों से वाहन हटाने को कहा। युवकों ने पेट्रोल खत्म होने की बात कही।
इस पर चालक ने कार को धक्का देकर किनारे करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों युवकों और चालक के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि कार सवार एक युवक ने कट्टा निकाल लिया।
कट्टा निकालकर बस पर बरसाईं गोलियां
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार आरोपी ने बस की ओर चार राउंड फायर किए। गोलीबारी से बस में चीख-पुकार मच गई। बच्चों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान एक गोली बस चालक खेम सिंह को लग गई। बस के शीशे पर भी गोली लगने के निशान बताए जा रहे हैं।
फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बस चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर किया गया।
सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि गोलियां बस में मौजूद किसी बच्चे को नहीं लगीं। जिस समय बदमाशों ने फायरिंग की, उस समय बस में करीब 50 बच्चे सवार थे। गोली किसी बच्चे को लग जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीओपी सौरभ कुमार के साथ पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बस को सुरक्षा के लिए थाने परिसर में खड़ा कराया।
बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अचानक हुई गोलीबारी के बाद बच्चों और उनके परिजनों में भय का माहौल बना हुआ है।
हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में मामला
पुलिस ने अज्ञात कार सवार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
स्कूल बस में सवार बच्चों पर हुई इस फायरिंग की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।













