राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का बदला ठिकाना, आईडीए मैदान के लिए कांग्रेस देगी 10.50 लाख किराया

इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कई दिनों से चल रही जगह की कवायद आखिरकार खत्म हो गई है। 19 सितंबर को होने वाला यह कार्यक्रम अब इंदौर के रीजनल पार्क स्थित आईडीए मैदान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए कांग्रेस को इंदौर विकास प्राधिकरण को 10 लाख 50 हजार रुपये किराए के रूप में जमा करने होंगे।
आईडीए मैदान पर कार्यक्रम की अनुमति किराया जमा होने के बाद जारी की जाएगी। फिलहाल भुगतान को लेकर औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बताया गया कि पहले जमा कराया गया चेक मान्य नहीं होने के कारण अनुमति जारी नहीं हो सकी। कांग्रेस की ओर से राशि जमा किए जाने के बाद मैदान उपलब्ध कराया जाएगा।
पहले नेहरू स्टेडियम में होना था कार्यक्रम
कांग्रेस ने इंदौर को शिक्षा के बड़े केंद्र के रूप में देखते हुए राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम को चुना था। पार्टी की ओर से कार्यक्रम में करीब 50 हजार युवाओं के शामिल होने का दावा किया गया था। हालांकि कांग्रेस द्वारा प्रशासन और नगर निगम की अंतिम सहमति के बिना ही कार्यक्रम स्थल की घोषणा किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया।
इसके बाद नेहरू स्टेडियम में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर पुराने हाई कोर्ट आदेश का हवाला देते हुए आपत्ति जताई गई। स्थानीय स्तर पर भाजपा नेताओं की ओर से भी इस मुद्दे को उठाया गया।
अनुमति को लेकर कई दिनों तक चला विवाद
नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम की अनुमति के लिए कांग्रेस ने नगर निगम में आवेदन दिया था, लेकिन कई दिनों तक इस पर फैसला नहीं हो सका। नगर निगम की ओर से हाई कोर्ट के पुराने आदेश का अध्ययन किए जाने की बात कही जाती रही।
कांग्रेस नेताओं ने कई बार आवेदन पर निर्णय लेने की मांग की। बाद में नगर निगम ने नेहरू स्टेडियम में राजनीतिक कार्यक्रम के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया। यहां तक कि कांग्रेस की ओर से एक दिन का किराया देने की पेशकश भी की गई, लेकिन अनुमति नहीं मिल सकी।
आईडीए मैदान के लिए तय हुआ 10.50 लाख किराया
नेहरू स्टेडियम से अनुमति नहीं मिलने के बाद कांग्रेस ने राजीव गांधी चौराहे के पास इंदौर विकास प्राधिकरण के अधीन खाली मैदान के लिए आवेदन किया। इस मैदान पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आईडीए की ओर से किराया निर्धारित किया गया।
काफी मशक्कत के बाद मैदान का किराया 10 लाख 50 हजार रुपये तय किया गया है। कांग्रेस को यह राशि आईडीए के खाते में जमा करनी होगी। इसके बाद कार्यक्रम की औपचारिक अनुमति जारी की जाएगी।
कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया अड़ंगा डालने का आरोप
कार्यक्रम स्थल बदलने और अनुमति में देरी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और स्थानीय भाजपा नेताओं पर राजनीतिक कार्यक्रम में अड़ंगा डालने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर लगातार बाधाएं खड़ी की जा रही हैं।
वहीं, प्रशासनिक स्तर पर अनुमति की प्रक्रिया को नियमों और संबंधित न्यायालयीन आदेशों के अनुरूप बताया जा रहा है। अब 19 सितंबर को आईडीए मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू होने की संभावना है।













