सख्त आदेश कमिश्नर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश…

सख्त आदेश कमिश्नर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश…
भावांतर योजना की जानकारी हर किसान तक पहुंचाएं – कमिश्नर..
संजय सिंह मझौली
रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने गूगल मीट के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि संभाग में सोयाबीन उत्पादक प्रत्येक किसान तक भावांतर योजना की जानकारी पहुंचाएं। किसानों का समय पर पंजीयन कराएं। ग्राम सभा के माध्यम से भी भावांतर योजना का प्रचार-प्रसार करें। प्रत्येक मण्डी में योजना से संबंधित होर्डिंग लगवाएं। सभी एसडीएम भावांतर योजना के क्रियान्वयन की निगरानी रखें। कमिश्नर ने कहा कि 2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभाओं में निर्धारित सभी एजेण्डा बिन्दुओं पर कार्यवाही सुनिश्चित करें। ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक व्यक्तियों की भागीदारी सुनिश्चित करें। नोडल अधिकारी के माध्यम से ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी ग्राम सभा में आमजनता को दें। वनाधिकार अधिनियम के तहत वनाधिकार के दावे दर्ज करने, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त भारत अभियान की भी जानकारी ग्राम सभा में दें।

कमिश्नर ने कहा कि 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान कार्यालय परिसर प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कराएं। इसके साथ-साथ कार्यालयों की अनुपयोगी सामग्री अपलेखित कराएं। लंबित आवेदन पत्रों तथा प्रकरणों का निराकरण करके सुशासन में योगदान दें। पशुपालन विभाग द्वारा 3 अक्टूबर से दुग्ध सम्पर्क क्रांति अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके लिए प्रशिक्षित दल तैनात कर दिए गए हैं। इनके माध्यम से 10 से अधिक दुधारू पशु रखने वाले परिवारों का चिन्हांकन करें। इन परिवारों के दुधारू पशुओं में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की योजनाओं से लाभान्वित करें। दुग्ध उत्पादन बढ़ने से परिवारों की आय में वृद्धि होगी। इस अभियान की निगरानी के लिए भी जिला और विकासखण्ड स्तर पर दल तैनात कर दें।
कमिश्नर ने कहा कि सभी कलेक्टर भोपाल में आयोजित होने वाली बैठक के लिए निर्धारित एजेण्डा बिन्दु के अनुसार तैयारी कर लें। जिले की उपलब्धियों और नवाचार की भी जानकारी प्रस्तुत करें। संभागीय समीक्षा बैठक के एजेण्डा बिन्दुओं पर अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों में तत्परता से कार्यवाही करें। जिलों में दशहरा पर्व मनाने तथा दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए उचित प्रबंध करें। मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, प्रकाश, प्राथमिक उपचार तथा यातायात प्रबंधन की व्यवस्था करें।
सुरक्षा बलों के साथ-साथ यहाँ तैराक और गोताखोर भी तैनात रखें। कमिश्नर ने अधिकारियों को धान उपार्जन की तैयारियों, रोजगार मेले की तैयारियों तथा कानून और व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में निर्देश दिए। गूगल मीट से बैठक में शामिल कलेक्टर सीधी स्वरोचिष सोमवंशी, कलेक्टर रीवा श्रीमती प्रतिभा पाल, कलेक्टर सतना सतीश कुमार एस, कलेक्टर मैहर रानी बाटड, कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन तथा कलेक्टर सिंगरौली चन्द्रशेखर शुक्ला ने उनके जिलों में निर्धारित एजेण्डा बिन्दुओं में की जा रही कार्यवाही की जानकारी दी।
कलेक्ट्रेट के एनआईसी से अपर कलेक्टर बी पी पाण्डेय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।













