अरब सागर में भारतीय युद्धपोत से टकराया पाकिस्तानी जहाज, भारत ने कड़ा ऐतराज जताते हुए पाक राजनयिक को किया तलब

नई दिल्ली।उत्तरी अरब सागर के अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में भारत और पाकिस्तान के नौसैनिक जहाजों के बीच एक गंभीर टकराव का मामला सामने आया है। मंगलवार शाम को हुई इस घटना में एक पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज बेहद खतरनाक और असुरक्षित तरीके से भारतीय युद्धपोत के करीब आ गया, जिसके चलते दोनों जहाजों में टक्कर हो गई। भारत ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है।
कैसे हुआ हादसा?
सरकारी सूत्रों के अनुसार, भारतीय नौसेना का युद्धपोत इलाके में अपने नियमित निगरानी मिशन पर मुस्तैद था। इसी दौरान पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज तेज गति से भारतीय युद्धपोत की ओर बढ़ा। अंतरराष्ट्रीय समुद्री नियमों की अनदेखी करते हुए पाकिस्तानी जहाज इतनी असुरक्षित तरीके से आगे आया कि दोनों के बीच टक्कर हो गई। भारत सरकार ने पाकिस्तानी नौसेना के कमांडर की इस हरकत को पूरी तरह से गैर-पेशेवर और अस्वीकार्य बताया है।
भारतीय नौसैनिक पूरी तरह सुरक्षित
राहत की बात यह रही कि दोनों नौसैनिक जहाजों की टक्कर में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। भारतीय युद्धपोत पर तैनात सभी कर्मी पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल घटना से जुड़े विस्तृत तकनीकी और परिचालन पहलुओं को सार्वजनिक नहीं किया गया है।
दिल्ली में पाकिस्तानी राजनयिक तलब
इस गैर-पेशेवर हरकत के बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नई दिल्ली में पाकिस्तान के शीर्ष राजनयिक प्रतिनिधि को तलब किया। भारत ने राजनयिक माध्यम से इस घटना पर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब भारत सरकार अरब सागर और आसपास के समुद्री रास्तों में सुरक्षा व भारतीय नाविकों की हिफाजत को लेकर निगरानी व्यवस्था लगातार मजबूत कर रही है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस पूरी घटना और टक्कर से ठीक पहले हुए संचार को लेकर पाकिस्तान की ओर से क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है।













