पूर्व छात्रों ने साझा किए अनुभव, पॉलीटेक्निक कॉलेज में मनाया इंजीनियर्स डे
एलुमनी एसोसिएशन के छात्र संवाद में करियर और भविष्य की तैयारी को लेकर मिला मार्गदर्शन

सिंगरौली। भारत रत्न एम. विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज बैढ़न के प्रांगण में इंजीनियर्स डे मनाया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के पूर्व छात्रों ने शामिल होकर एम. विश्वेश्वरैया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण किया गया।एलुमनी एसोसिएशन की ओर से वर्तमान छात्रों के लिए छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को करियर निर्माण, भविष्य की तैयारी और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
मॉडल प्रदर्शनी में विजेताओं का सम्मान
इंजीनियर्स डे के अवसर पर कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न मॉडल तैयार किए थे। पूर्व छात्रों ने मॉडलों का निरीक्षण किया और बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्यार्थियों की हौसला अफजाई करते हुए उन्हें आगे भी तकनीकी एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान स्वरुचि भोज का आयोजन भी हुआ। इसके बाद पूर्व छात्रों ने कॉलेज परिसर का भ्रमण किया और एलुमनी एसोसिएशन के कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में प्राचार्य कैलाश तंतुवाय, एलुमनी एसोसिएशन अध्यक्ष सजन अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष संतोष कुमार पाण्डेय, कार्यक्रम प्रबंधन आशीष शुक्ला, कोषाध्यक्ष अनिल जायसवाल सहित महेंद्र तिवारी, हिमांशु वर्मा, शेर सिंह, शिव शंकर, पवन हरिजन, व्ही.बी. सिंह, विजय वर्मा, छोटेलाल पनिका, शंखलाल शाह, शैलेश मिश्रा, संतोष श्रीवास्तव, राजेंद्र कुमार शाह, धीरेन्द्र कुमार, अरविंद कुमार, यज्ञलाल, विपिन तिवारी, विष्णुपाल सिंह और जितेंद्र कुमार सहित अन्य पूर्व छात्र एवं अभियंता उपस्थित रहे।













