बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में 17 सितंबर को होगा ‘नमो युवा शक्ति’ कार्यक्रम

सिंगरौली, / मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 17 सितंबर 2026 को अटल सामुदायिक भवन, बिलौजी में ‘नमो युवा शक्ति’ खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह तथा सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह सहित जिले के जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की महिलाएं,आर से टी से जुड़े युवा, विद्यार्थी एवं स्थानीय युवाओं की सहभागिता रहेगी। आयोजन का उद्देश्य युवाओं एवं युवतियों को खेल, रचनात्मकता, स्वास्थ्य, नेतृत्व एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। स्थानीय स्तर पर प्रचलित खेलों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में टीम भावना, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा दिया जाएगा। ‘नमो युवा शक्ति’ कार्यक्रम के तहत नशा मुक्ति जन-जागरूकता रैली भी निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा। रैली के पश्चात नशा मुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधि, महिलाएं, युवा एवं विद्यार्थी नशे से दूर रहने का संकल्प लेंगे। आजीविका मिशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं एवं युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल, आजीविका और आत्मनिर्भरता के अवसरों से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button