देवसर में अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई, एनएच-39 से हटाए अस्थायी ठिकाने
नालियों की सीमा में दुकान लगाने वालों पर कार्रवाई, सब्जी विक्रेताओं को मंडी भेजा

देवसर। सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार को देवसर में अभियान चलाया। उपखंड अधिकारी डॉ. सुशीर श्रीकृष्णा श्रीराम के निर्देशन में राजस्व और पुलिस अमले ने सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के साथ न्यायालय मार्ग, विश्राम गृह मार्ग और चितरंगी-समदा मार्ग पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद निर्धारित सीमा से बाहर सामान और अस्थायी दुकानें नहीं हटाने वाले दुकानदारों के ठिकानों को हटाया गया। वहीं सड़क किनारे सब्जी का कारोबार करने वाले विक्रेताओं को निर्धारित सब्जी मंडी में स्थानांतरित कराया गया।
नालियों की सीमा में अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश
मौके पर एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनएच-39 के दोनों ओर बनी नालियों की सीमा के भीतर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क और नाली की सीमा में दुकान अथवा अस्थायी संरचना लगाकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कार्रवाई के दौरान मार्ग को व्यवस्थित रखने और यातायात सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रशासन की कार्रवाई से सड़क किनारे कारोबार करने वालों में हलचल रही।
अभियान में नायब तहसीलदार प्रदीप सिंह, नायब तहसीलदार शिवनंदन सिंह, जियावन थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा, आरआई बृजेश कुमार पांडेय, पटवारी अनुभव त्रिपाठी, कुलदीप मिश्रा, सचिव शिवकुमार शुक्ला, रोजगार सहायक अनिल पांडेय सहित पुलिस और राजस्व अमला मौजूद रहा।
अब प्रशासन के सामने हटाए गए स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण रोकने और सब्जी मंडी में व्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती रहेगी।












