निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में फांसी लगाकर की आत्महत्या

हरिद्वार। निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने शुक्रवार को हरिद्वार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। करीब 19 साल जेल में रहने के बाद नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट से आखिरी मामले में बरी होने के बाद वह जेल से बाहर आया था। इसके बाद उसने हरिद्वार के उत्तरी क्षेत्र भूपतवाला में मंदिर के सामने चाय की दुकान शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, कोली की चाय की दुकान को खुले अभी तीन दिन ही हुए थे। शुक्रवार को वह दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। दुकान से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस पारिवारिक क्लेश को आत्महत्या की संभावित वजह मान रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।
2006 में सामने आया था निठारी कांड
गौरतलब है कि वर्ष 2006 में उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित निठारी में हत्या और दुष्कर्म के कई मामले सामने आने के बाद देशभर में हड़कंप मच गया था। इन मामलों में सुरेंद्र कोली को आरोपी बनाया गया था। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक मामले में उसे फांसी की सजा सुनाई थी। बाद में वर्ष 2015 में न्यायालय ने फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट से आखिरी मामले में बरी होने के बाद वह जेल से बाहर आया था।













