उपनिरीक्षक विनय शुक्ला का मैहर तबादला
सिंगरौली में वर्षों तक दी सेवाएं, स्थानांतरण की सूचना पर शुभचिंतकों ने दी बधाई

सिंगरौली। जिले में लंबे समय तक पुलिस विभाग में सेवाएं देने वाले उपनिरीक्षक विनय शुक्ला का स्थानांतरण मैहर जिले के लिए किया गया है। गुरुवार को जारी स्थानांतरण आदेश में सिंगरौली में पदस्थ विनय शुक्ला के साथ सीधी जिले में पदस्थ उपनिरीक्षक विवेक द्विवेदी को भी मैहर जिले में पदस्थ किए जाने का उल्लेख है।
उपनिरीक्षक विनय शुक्ला ने सिंगरौली जिले में कई वर्षों तक विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग पुलिस चौकियों का प्रभार संभाला और कई मामलों की विवेचना एवं निराकरण में भूमिका निभाई। पुलिस विभाग में कार्य के दौरान उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी जाती रही हैं।
स्थानांतरण आदेश सामने आने के बाद उनके शुभचिंतकों, परिचितों और पुलिस विभाग से जुड़े लोगों ने नई पदस्थापना के लिए उन्हें बधाई दी। लोगों ने नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










