जोहान्सबर्ग में बार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 17 लोगों की मौत, आठ संदिग्धों की तलाश

जोहान्सबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के पश्चिमी इलाके में स्थित वेडेला टाउनशिप में शनिवार रात एक बार में हथियारबंद हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। पुलिस के अनुसार, असॉल्ट राइफलों और पिस्तौल से लैस कई हमलावर बार में पहुंचे और वहां मौजूद लोगों पर गोलियां चला दीं। घटना में 13 पुरुषों और चार महिलाओं समेत 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हुए हैं।
घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक गोलीबारी के बाद हमलावरों ने कुछ ग्राहकों की तलाशी ली और उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए। इसके बाद सभी हमलावर दो वाहनों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। गौतेंग पुलिस ने मामले में आठ संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार हमलावरों के पास एके-47 राइफल और पिस्तौलें थीं। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
वेस्टर्न केप में भी गोलीबारी, 10 की मौत
जोहान्सबर्ग की घटना के अलावा वेस्टर्न केप प्रांत के ल्वांडले टाउनशिप में भी इसी तरह की गोलीबारी हुई। यहां एक मनोरंजन स्थल पर तड़के करीब 1:46 बजे बंदूकधारियों ने फायरिंग कर दी। हमले में 10 लोगों की मौत हुई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल पांच अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
घटना की जांच के लिए गंभीर और हिंसक अपराधों से निपटने वाले अधिकारियों की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
इन घटनाओं से कुछ दिन पहले क्वाजुलु-नताल प्रांत में एक घर पर हुई गोलीबारी में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं के बीच दक्षिण अफ्रीका में हिंसक अपराध को लेकर चिंता बनी हुई है।













