देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

एलपीयू में अफवाह के बाद छात्रों का हंगामा, तोड़फोड़ और आगजनी से बिगड़ा माहौल

 

जालंधर। जालंधर की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में शनिवार देर रात सोशल मीडिया पर फैली एक अपुष्ट खबर के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। सोशल मीडिया पर एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और उसके बाद आत्महत्या किए जाने के दावे किए गए थे। हालांकि पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी सोशल मीडिया पर प्रसारित जानकारी को झूठा, निराधार और मनगढ़ंत बताया है।

एसएसपी गौरव तूरा के अनुसार, पुलिस को वायरल संदेश के माध्यम से एक अपुष्ट घटना की जानकारी मिली थी। कुछ छात्रों ने छात्रा के आत्महत्या करने, जबकि कुछ ने दुष्कर्म की बात कही। पुलिस को अब तक घटना की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है और दुष्कर्म को लेकर कोई शिकायत भी पुलिस के पास नहीं आई है।

करीब 2 हजार छात्रों ने किया प्रदर्शन

पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन में करीब 2,000 छात्र शामिल हुए। प्रदर्शन की शुरुआत गर्ल्स हॉस्टल के पास हुई। इसके बाद कुछ छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ की और यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। प्रदर्शनकारियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़े, ईंट और गमले फेंके तथा कुछ इमारतों के हिस्सों में आग लगा दी।

पुलिस के अनुसार छात्रों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को भी घेर लिया था, जिसे बाद में खोल दिया गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

यूनिवर्सिटी ने अफवाहों को बताया निराधार

एलपीयू की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर झूठी एवं भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिससे छात्रों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसी अफवाहों से यूनिवर्सिटी के शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

रजिस्ट्रार ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करें और उन्हें आगे प्रसारित करने से बचें। उन्होंने आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की।

Author

Related Articles

Back to top button