देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

एआई जवाब दे सकता है, सवाल करना अच्छी किताब ही सिखाएगी : योगी

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सवालों के जवाब दे सकता है और काम को आसान बना सकता है, लेकिन सवाल करना अच्छी किताब ही सिखाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक का उपयोग करने के साथ किताबें और समाचार पत्र पढ़ने तथा नई चीजों को जानने की जिज्ञासा बनाए रखने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री सोमवार को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित बाल मेला सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विज्ञान मॉडल, चित्रकला, निबंध सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के करीब 70 विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में करीब 500 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में पिछले साढ़े नौ वर्षों में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में उत्तर प्रदेश पुलिस में 2.30 लाख से अधिक भर्तियां हुई हैं और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती गई है।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर दंगे और कर्फ्यू की स्थिति बनती थी, जबकि आज प्रदेश सुरक्षित माहौल की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और स्टार्टअप क्षेत्र में वृद्धि का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 2017 के करीब 120 से बढ़कर 24 हजार से अधिक हो गई है।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों पर अंकों का अनावश्यक दबाव नहीं डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ बच्चों के खेल, नींद और खान-पान का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने स्कूल-कॉलेजों में हिंदी और अंग्रेजी के समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित करने पर जोर दिया। उनके मुताबिक समाचार पत्र पढ़ने से भाषा और व्याकरण में सुधार के साथ नई जानकारियां हासिल करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को लगातार प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से अपने शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को जानने की भी अपील की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खेलों में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को छह करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी देने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि अब तक 550 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने सम्मानित विद्यार्थियों में बेटियों की अधिक संख्या का उल्लेख करते हुए कहा कि अवसर मिलने पर बेटियां अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ सकती हैं। कार्यक्रम में सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Back to top button