कुपवाड़ा में कार नदी में गिरी, पांच की मौत

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सोमवार को हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, हादसा करनाह क्षेत्र के सिमारी इलाके में तीतवाल-सिमारी सड़क पर हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और किशनगंगा नदी में जा गिरी।
हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को उपचार के लिए पहले उप-जिला अस्पताल तंगधार ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए हंदवाड़ा स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में तेज रफ्तार, खतरनाक तरीके से वाहन चलाना और सड़क की खराब स्थिति हादसों के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। संकरी पहाड़ी सड़कें, भूस्खलन, ढीली मिट्टी तथा कई स्थानों पर सुरक्षा अवरोधों की कमी से भी दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। यातायात विभाग ने ऐसे क्षेत्रों में नियमों के उल्लंघन पर निगरानी के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं।







