बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

जेल से बाहर आते ही पत्नी की हत्या, दिनदहाड़े चाकू से किया हमला

छतरपुर में प्रेम विवाह के बाद पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रही थी रंजिश, दोस्त के साथ मिलकर वारदात का आरोप

छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े 26 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। आरोप है कि जेल से रिहा होने के महज दो दिन बाद उसके पति ने अपने एक साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।

घटना अमलतास कॉलोनी की बताई जा रही है। मृतका की पहचान महाराजपुर के वार्ड नंबर 9 निवासी हुकुम चौरसिया की 26 वर्षीय बेटी ज्योति के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार ज्योति ने करीब आठ वर्ष पहले महाराजपुर के खटीक मोहल्ला निवासी लखन जोशी से प्रेम विवाह किया था। वर्तमान में वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी और एक निजी होटल में काम करके बच्चों का भरण-पोषण कर रही थी।

दो दिन पहले ही जेल से निकला था पति

सिविल लाइन थाना प्रभारी अशुतोष श्रोती के अनुसार आरोपी लखन जोशी कुछ महीने पहले अपनी सास के साथ मारपीट के मामले में जेल गया था। दो दिन पहले ही वह जेल से बाहर आया था। पुलिस के मुताबिक इसके बाद उसने अपने साथी के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की।

बताया गया कि ज्योति बाजार से वापस लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार आरोपी पति और उसके साथी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में ज्योति गंभीर रूप से घायल हो गई। कुछ देर तक उसने हमलावरों का सामना किया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल ज्योति ने कुछ ही समय बाद दम तोड़ दिया।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें महिला पर हमला और उसके बाद आरोपियों के मौके से भागने की घटना दिखाई दे रही है। दिनदहाड़े हुई हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के घर का दरवाजा खुलवाकर वहां सो रहे दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी आदित्य और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में प्रेम विवाह के बाद पुश्तैनी कृषि भूमि को लेकर पारिवारिक विवाद और रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी पति लखन जोशी और उसके साथी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button