बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

मैहर में डिवाइडर से टकराई कार, डॉक्टर और प्राचार्य भाइयों की मौत

गयाजी से लौटते समय तड़के हादसा, चालक गंभीर घायल

मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में शनिवार तड़के हुए सड़क हादसे में दमोह निवासी दो सगे भाइयों की मौत हो गई। ग्राम पोड़ी के पास करीब सुबह 3 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में डॉक्टर संजय गंगेले (59) और उनके भाई प्राचार्य सुधीर गंगेले (61) की मौत हो गई, जबकि कार चालक राजा रैकवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार दोनों भाई गया जी से लौटकर दमोह जा रहे थे। इसी दौरान पोड़ी के पास चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई, जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने डॉक्टर संजय गंगेले और प्राचार्य सुधीर गंगेले को मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक राजा रैकवार का उपचार जारी है।

बताया गया है कि हादसे में शामिल कार का पंजीयन क्रमांक एमपी-20 बीए-5139 है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पत्नी भी हैं चिकित्सक

डॉक्टर संजय गंगेले की पत्नी डॉ. श्रद्धा गंगेले भी चिकित्सक हैं और वर्तमान में भोपाल में पदस्थ हैं। हादसे के समय वह भोपाल में थीं। दोनों भाइयों की मौत की खबर दमोह पहुंचते ही शोक की लहर फैल गई। परिचितों और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।

Author

Related Articles

Back to top button