बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में 100 फीट नीचे नदी में गिरी कार, पांचों सवार सुरक्षित

आधी रात अंधे मोड़ पर अनियंत्रित हुआ वाहन, पुलिस ने रस्सियों के सहारे चलाया रेस्क्यू अभियान

सिंगरौली। जिले में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बैढ़न से शासन की ओर जा रही तेज रफ्तार कार कोतवाली थाना क्षेत्र के शासन स्थित मयार नदी पुल के पास एक अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट नीचे नदी में जा गिरी। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बताया गया कि हादसा रात करीब एक बजे हुआ। कार तेज रफ्तार में बैढ़न से शासन की ओर जा रही थी। मयार नदी पुल के पास अचानक आए तीखे मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क से नीचे नदी में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन काफी नीचे जाकर नदी में समा गया था।

पुलिस ने आधी रात चलाया रेस्क्यू

हादसे के दौरान राहत की बात यह रही कि उसी समय पुलिस की पेट्रोलिंग टीम वहां से गुजर रही थी। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद रस्सियों और अन्य संसाधनों की मदद से नदी में फंसे कार सवार पांचों लोगों को बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू के बाद सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार सभी पांचों लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। समय रहते रेस्क्यू हो जाने से बड़ी जनहानि टल गई।

मौके पर जुटी भीड़, लगा जाम

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कई लोगों ने अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर रेस्क्यू अभियान को देखा, जिसके चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।

कोतवाली थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि रात करीब एक बजे बैढ़न से शासन की ओर जा रही कार तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर मयार नदी में गिर गई थी। वाहन में पांच लोग सवार थे और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। प्रारंभिक तौर पर वाहन की तेज रफ्तार और चालक को नींद आने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button