देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

एशियन गेम्स में भारत का लगातार दूसरी बार गोल्ड

फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराया, अभिषेक और तिलक वर्मा की तूफानी पारियों के बाद गेंदबाजों ने दिलाई जीत

निशिन। भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी।

अभिषेक और तिलक ने संभाली भारतीय पारी

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वैभव सूर्यवंशी 15 रन बनाकर आउट हुए, जबकि संजू सैमसन सिर्फ 2 रन बना सके। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों पर 21 रन बनाए। ईशान किशन भी 18 गेंदों पर 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

इसके बाद अभिषेक ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 28 गेंदों में 61 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 3 चौके और 7 छक्के लगाए। उपकप्तान तिलक वर्मा ने भी तेजी से रन बनाए और 22 गेंदों पर नाबाद 51 रन की पारी खेली। तिलक ने 3 चौके और 4 छक्के लगाए।

तिलक वर्मा ने शिवम दुबे के साथ छठे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। शिवम दुबे ने 27 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत भारत ने 200 रन का आंकड़ा पार करते हुए 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान की ओर से अहमद दानियाल और अराफात मिन्हास ने दो-दो विकेट लिए।

पाकिस्तान की शुरुआत लड़खड़ाई

212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। साहिबजादा फरहान 11 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि उस्मान खान को अक्षर पटेल ने 3 रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। माज सदाकत भी 18 गेंदों पर 23 रन बनाकर आउट हो गए। 39 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तान दबाव में आ गया।

इसके बाद हसन नवाज और सैम अयूब ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 48 गेंदों पर 87 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान की वापसी की उम्मीद जगाई। सैम अयूब 29 रन बनाकर शिवम दुबे का शिकार हुए।

96 रन की पारी भी पाकिस्तान को नहीं दिला सकी जीत

हसन नवाज ने एक छोर संभाले रखा और तेज बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 51 गेंदों में 96 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। हालांकि उनकी यह पारी पाकिस्तान को जीत तक नहीं पहुंचा सकी।

भारत की ओर से अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट हासिल किए। भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में पाकिस्तान के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और टीम को 19 रन से जीत दिला दी।

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार क्रिकेट का गोल्ड मेडल हासिल किया। पाकिस्तान को फाइनल में हार के बाद सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

Author

Related Articles

Back to top button