बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

समाजसेवा के बदले मेरे खिलाफ एफआईआर क्यों? : प्रेम सिंह भाटी

भाजपा के जिला पदाधिकारियों पर लगाया दबाव बनाकर मामला दर्ज कराने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

सिंगरौली। सरई नगर परिषद के भाजपा पार्षद प्रेम सिंह भाटी ने अपने खिलाफ दर्ज मामले को लेकर अपनी ही पार्टी के कुछ जिला पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि समाजसेवा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई चिंता का विषय है।

प्रेम सिंह भाटी का कहना है कि वे लंबे समय से सरई क्षेत्र में सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। वे निशुल्क एंबुलेंस सेवा संचालित करने के साथ ही दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए गए मजदूरों की दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके शवों को निशुल्क उनके घर तक पहुंचाने में भी मदद करते हैं। उनका दावा है कि क्षेत्र के लोग उनके सामाजिक कार्यों से परिचित हैं और जरूरत के समय वे लगातार लोगों की सहायता करते रहे हैं।

पार्षद के अनुसार, हाल ही में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पर उसके परिजनों को ढांढस बंधाने और मदद करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान भाजपा के कुछ जिला पदाधिकारियों द्वारा थाना प्रभारी पर कथित रूप से दबाव बनाकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।

प्रेम सिंह भाटी ने कार्रवाई को द्वेषपूर्ण बताते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा कर रहा है तो उसके खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे जांच के लिए तैयार हैं, लेकिन पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए।

उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाए तथा यदि किसी ने गलत तरीके से दबाव बनाकर कार्रवाई कराई है तो उसके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाए। मामले को लेकर सरई क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button