बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

आधी रात मयार नदी में गिरी स्कॉर्पियो, रेस्क्यू कर बचाई पांच जिंदगियां

तेज रफ्तार में तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हुआ वाहन, पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने समय रहते सभी को सुरक्षित निकाला

सिंगरौली। मयार नदी के पास तीन नंबर गेट क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब एक बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटनास्थल के पास से पुलिस की पेट्रोलिंग टीम गुजर रही थी। टीम ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रस्सियों और अन्य संसाधनों की मदद से नदी में गिरे वाहन में सवार सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो नदी में पूरी तरह डूब गई थी। घटना से संबंधित सामने आए वीडियो में भी वाहन का अधिकांश हिस्सा पानी के अंदर दिखाई दे रहा है।

तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की आशंका
कोतवाली थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि पुलिस को देर रात हादसे की सूचना मिली थी। वाहन शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब एक बजे बैढ़न से शासन की ओर जा रहा था। इसी दौरान तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार के चलते वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। वाहन में पांच लोग सवार थे और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर चालक को नींद की झपकी आने और वाहन की अधिक रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।

रेस्क्यू देखने उमड़ी भीड़, लगा जाम
शनिवार को नदी में गिरे स्कॉर्पियो वाहन को हाइड्रा मशीन की मदद से बाहर निकाला गया। वाहन को बाहर निकालने के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर पहुंच गए। लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर रेस्क्यू अभियान देखने लगे, जिसके चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति भी निर्मित हो गई।
समय रहते पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने और तत्काल रेस्क्यू शुरू किए जाने से पांचों लोगों की जान बच गई। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button