बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर ने मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवसर का किया निरीक्षण

स्मार्ट क्लास के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग नियमित रूप से संचालित करने के दिए निर्देश

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई एवं कैरियर को लेकर किया प्रोत्साहित
शिक्षिका के अनुपस्थित पाए जाने पर एक दिवस का वेतन काटने एवं कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

सिंगरौली। सेवा सेतु अभियान एवं जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित कक्षाओं एवं स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया तथा शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यालय में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को निर्देशित किया। उन्होंने स्मार्ट क्लास के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था करने तथा इसका नियमित एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कोचिंग के लिए बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री एवं विशेषज्ञों का मार्गदर्शन प्राप्त हो सके। निरीक्षण के दौरान एक शिक्षिका के अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने एक दिवस का वेतन काटने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार को विद्यालय के समीप किए गए अतिक्रमण की जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने विद्यालय में उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं कैरियर संबंधी जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विषय का चयन करते हुए भविष्य के लिए कैरियर लक्ष्य निर्धारित करें। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बताया कि आईआईटी-जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यालय में ऑनलाइन कोचिंग कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जिसका विद्यार्थियों को अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन, मेहनत और लगन से विद्यार्थी अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का सदुपयोग करें और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत संघप्रिय उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button